(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद/फिंगेश्वर। फिंगेश्वर क्षेत्र के ग्राम भेन्डरी-जामगांव में धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने का मामला सामने आया है। गांव के शीतला तालाब परिसर में स्थापित बजरंगबली की टाइल्स युक्त मूर्ति को बीती रात अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है, हालांकि गांव की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार मंदिर परिसर के पास शराब पीने और पत्थरों से मूर्ति तोड़े जाने के निशान मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही विहिप जिला संयोजक मोहित साहू एवं फिंगेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
विहिप जिला संयोजक मोहित साहू ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं रविवार को ग्राम समिति अध्यक्ष भेखलाल साहू के नेतृत्व में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें गांववासियों से घटना के संबंध में जानकारी ली गई। बैठक में किसी भी ग्रामीण की संलिप्तता सामने नहीं आई।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में शराब पूर्णतः प्रतिबंधित है। साथ ही शराब पीकर उपद्रव करने और धार्मिक स्थलों पर शराब सेवन करने वालों पर 2100 रुपये जुर्माने का प्रावधान भी लागू है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि करीब एक सप्ताह पहले गांव में घूम रहे एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति का इस घटना से संबंध हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इधर ग्रामीणों ने आज फिंगेश्वर थाना पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की है। साथ ही आगामी 17 जून को शुभ मुहूर्त में नई बजरंगबली मूर्ति की स्थापना करने का निर्णय लिया गया है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















