(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुल्हाड़ीघाट कैंप से करीब 10 किलोमीटर दूर दड़ईपानी जंगल में सुरक्षा बलों को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एफ/65 बटालियन सीआरपीएफ, जिला पुलिस बल और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान का डंप बरामद किया।

पुलिस के अनुसार संयुक्त बल जंगल क्षेत्र में अभियान पर निकला हुआ था। इसी दौरान जवानों को एक संदिग्ध डंप दिखाई दिया। जांच करने पर वहां से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और नक्सल उपयोग के सामान मिले। बरामद सामग्री में लगभग 15 मीटर कमर्शियल कॉर्डेक्स वायर, 1.5 किलोग्राम गन पाउडर, जिलेटिन रॉड, एक कुकर आईईडी (करीब 4 किलोग्राम), एक टिफिन आईईडी (करीब 5 किलोग्राम), 6 बीजीएल राउंड, एक एयर गन, एक इंटरसेप्टर, एक इंसास मैगजीन, दवाइयां तथा दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल है।
सुरक्षा कारणों को देखते हुए बीडीएस टीम ने मौके पर ही दोनों आईईडी को नियंत्रित विस्फोट कर नष्ट कर दिया। अधिकारियों के अनुसार समय रहते विस्फोटक सामग्री बरामद होने से किसी बड़ी घटना की आशंका टल गई।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सर्च अभियान आगे भी जारी रहेगा। संयुक्त कार्रवाई से नक्सलियों की मंशा को बड़ा झटका लगा है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments


















