(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। नगर पालिका क्षेत्र में व्याप्त गंदगी, अव्यवस्थाओं, कथित भ्रष्टाचार और गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने नगरपालिका का घेराव कर प्रदर्शन किया। बीस सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के अंत में नगरीय प्रशासन मंत्री का पुतला दहन कर नगरीय प्रशासन सचिव एवं कलेक्टर के नाम ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया।
जिला कांग्रेस कार्यालय में हुई सभा, नगरपालिका पर लगाए आरोप
नगरपालिका घेराव से पहले जिला कांग्रेस कार्यालय में सभा आयोजित की गई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने शहर की सफाई व्यवस्था और नगरपालिका के कामकाज पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि गंदगी, अनियमितताओं और अव्यवस्थाओं के कारण नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी विभिन्न माध्यमों से इन समस्याओं की ओर नगरपालिका प्रशासन का ध्यान आकर्षित करा चुकी है, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण पार्टी को आंदोलन करना पड़ा। उन्होंने सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
तिरंगा चौक और बस स्टैंड से निकली रैली
सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल रैली निकालते हुए तिरंगा चौक और बस स्टैंड के रास्ते नगरपालिका कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने कार्यालय के पहले बैरिकेडिंग की थी। इस दौरान आगे बढ़ने को लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी की स्थिति बनी। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखा।

नया तालाब के गहरीकरण की जांच सहित 20 मांगें
कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में शहर की विभिन्न समस्याओं और लंबित विकास कार्यों के निराकरण की मांग की गई। इसमें नया तालाब के गहरीकरण कार्य में कथित अनियमितताओं की जांच कराने, नालंदा से संबंधित कार्य प्रारंभ करने तथा देवरानीन तालाब और नया तालाब के स्वीकृत कार्यों को शुरू कराने की मांग शामिल है।
इसके अलावा शहर में अवैध प्लाटिंग पर रोक लगाने, नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने और नगरपालिका क्षेत्र में कराए गए निर्माण कार्यों की जांच कराने की मांग उठाई गई। कांग्रेस ने कहा कि सार्वजनिक धन से कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
समस्याओं के समयबद्ध निराकरण की मांग
जिला कांग्रेस कमेटी ने शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने, तालाबों के विकास कार्यों को गति देने, अवैध प्लाटिंग पर नियंत्रण लगाने और निर्माण कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। पार्टी ने कहा कि नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि बीस सूत्रीय मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने पर आगे भी आंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा,गरियाबंद शहर अध्यक्ष प्रेम सोनवानी, नीरज ठाकुर, रमेश शर्मा, पवन सोनकर, सन्नी मेमन, आबिद ढेबर, लोकेंद्र कोमर्रा, प्रहलाद यदु, छगन यादव, राजेश साहू, प्रेम सोनवानी, जुनैद खान, संदीप सरकार, पूना यादव, रमेश वर्मा, मुकेश पांडेय, अजय बाजपेयी, चेतन सिन्हा, गोरेलाल सिन्हा, रितिक सिन्हा, निरंजन प्रधान, हेमलता सिन्हा, वेदांत शर्मा, शेषांक मालिक, शिला तांडी, प्रतिभा पटेल, पार्वती ध्रुव, सविता गिरी और मुकेश भोई सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











