(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। प्रदेश के शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद गरियाबंद में कांग्रेस ने विजय रैली निकालकर इसे छात्रों और युवाओं के संघर्ष की जीत बताया। प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली में कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, अनुसूचित जनजाति कांग्रेस सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
रैली जिला कांग्रेस भवन से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तिरंगा चौक पहुंची। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग उठाई। रैली के दौरान छात्र हितों से जुड़े नारों के साथ युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की बात भी प्रमुखता से रखी गई।
तिरंगा चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लाखों छात्र-छात्राओं के संघर्ष और विपक्ष द्वारा लगातार उठाए गए मुद्दों का परिणाम है। उनका आरोप था कि परीक्षा संबंधी अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था की खामियों को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार को घेरती रही, जिसके दबाव में सरकार को इस्तीफा स्वीकार करना पड़ा।
नेताओं ने कहा कि केवल मंत्री का इस्तीफा पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने और छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















