(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद । भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल, असम एवं पांडिचेरी में ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय स्थित तिरंगा चौक में भव्य विजय उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पूरे क्षेत्र में ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी और नारों के साथ जीत का जश्न मनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध व्यंजन झालमुड़ी एवं रसगुल्ला खिलाकर बधाई दी। झालमुड़ी की विशेष व्यवस्था के कारण कार्यक्रम स्थल पर पश्चिम बंगाल संस्कृति की झलक देखने को मिली, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया, कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाते नजर आए।

जिला अध्यक्ष श्री अनिल चंद्राकर ने अपने संबोधन में कहा कि यह विजय जनता के अटूट विश्वास, पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों और कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा जनसेवा के प्रति समर्पित रही है और आगे भी सरकार द्वारा किए गए सभी वादों को प्राथमिकता के साथ प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।
जिला महामंत्री आशीष शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता, संगठन के प्रति निष्ठा और निरंतर परिश्रम ने यह ऐतिहासिक सफलता दिलाई है। उन्होंने कहा कि पार्टी की विकासोन्मुखी सोच और पारदर्शी कार्यशैली पर जनता ने विश्वास जताया है, जो संगठन के लिए गर्व का विषय है। साथ ही उन्होंने कहा की पश्चिम बंगाल में जंगल राज का सफाया हो गया जिसका सकारात्मक परिणाम इस विजय के रूप में सामने आया है।

जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा ने कहा कि यह जीत पार्टी की सशक्त रणनीति, नेतृत्व की दूरदर्शिता और कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह विजय आने वाले समय में संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उमंग और जीत की खुशी का माहौल बना रहा।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















