(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले के उदंती वन परिक्षेत्र में भीषण गर्मी और जंगलों में सूखते जल स्रोतों का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। पानी की तलाश में एक प्यासा हिरण जंगल से निकलकर मुख्य मार्ग होते हुए गांव तक पहुंच गया, जहां वह कुत्तों के झुंड के बीच फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हिरण बेहद कमजोर और घबराया हुआ था। जैसे ही वह गांव में दाखिल हुआ, आवारा कुत्तों ने उसे चारों ओर से घेर लिया और हमला शुरू कर दिया। अचानक मची अफरा-तफरी में हिरण अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगा।

स्थिति को गंभीर होता देख गांव के कुछ जागरूक युवाओं ने साहस और तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर कुत्तों को खदेड़ा। युवाओं ने मिलकर हिरण को सुरक्षित बाहर निकाला और बाद में उसे वापस जंगल की ओर छोड़ दिया। उनकी सूझबूझ और बहादुरी से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी के चलते जंगलों में जल स्रोत तेजी से सूख रहे हैं।

जिससे वन्यजीव भोजन और पानी की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आने को मजबूर हो रहे हैं। इससे न केवल वन्यजीवों की जान जोखिम में पड़ रही है, बल्कि लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ रहा है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जंगलों में कृत्रिम जल स्रोतों की व्यवस्था की जाए और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















