(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद/देवभोग। जिले के देवभोग और आसपास के इलाकों में इन दिनों डीजल संकट गहराता जा रहा है। कई पेट्रोल पंपों में डीजल खत्म होने की स्थिति बन गई है, जिसके चलते देर रात तक लंबी कतारें देखने को मिलीं। ट्रैक्टर, पोकलेन मशीनें और मालवाहक वाहन सड़कों और खेतों में खड़े-खड़े ईंधन का इंतजार करते नजर आए।
डीजल की कमी की खबर फैलते ही क्षेत्र के पेट्रोल पंपों में वाहन चालकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई लोग डिब्बे और गैलन लेकर लाइन में खड़े दिखाई दिए। हालात ऐसे बने कि देर रात तक लोगों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। कुछ पंप संचालकों ने सीमित मात्रा में डीजल देने की व्यवस्था लागू कर दी, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक ईंधन पहुंच सके। इसके बावजूद कई लोगों को बिना डीजल के लौटना पड़ा।

खेती-किसानी पर सबसे ज्यादा असर
खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच डीजल संकट ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेत समतलीकरण और जुताई में लगे ट्रैक्टरों के पहिए थमने लगे हैं। किसानों का कहना है कि मशीनें घंटों से खेतों में खड़ी हैं, लेकिन डीजल नहीं मिलने से काम बंद पड़ा है। ग्रामीण इलाकों में खेती से जुड़े छोटे कामकाज भी प्रभावित होने लगे हैं।
किसानों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द ही डीजल की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आगामी दिनों में कृषि कार्यों पर बड़ा असर पड़ सकता है।

प्रशासन और पंप संचालक हालात संभालने में जुटे
स्थिति बिगड़ने के बाद कई जगहों पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन की मदद ली गई। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि सप्लाई प्रभावित होने के कारण यह स्थिति बनी है। नया स्टॉक पहुंचते ही व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही लोगों से अनावश्यक भंडारण नहीं करने और जरूरत के अनुसार ही ईंधन लेने की अपील की जा रही है।
आम लोगों की बढ़ी परेशानी
डीजल संकट का असर अब आम जनजीवन पर भी दिखने लगा है। यात्री वाहन, माल परिवहन और छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजमर्रा के कामकाज करने वाले लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यदि अगले कुछ दिनों में पर्याप्त आपूर्ति नहीं हुई, तो क्षेत्र में संकट और गहरा सकता है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















