(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद/राजिम। लगता है कुछ लोगों ने सोचा था कि सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर में बैठकर “हरियाली मिशन” को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। लेकिन उनकी यह “डिजायर” राजिम पुलिस के सामने आकर धराशायी हो गई।
मुखबिर की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने जोरा तालाब के पास एक स्विफ्ट डिजायर को रोका। कार की तलाशी ली गई तो उसमें से कोई पिकनिक का सामान नहीं, बल्कि 13.775 किलो गांजा निकला। मानो कार में बैठे लोग पर्यटन नहीं, “विशेष पार्सल सेवा” का संचालन कर रहे हों।

पुलिस ने वाहन में सवार पांच लोगों को पकड़ लिया, जिनमें दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से बरामद गांजे की कीमत करीब 6.77 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 7 लाख रुपये की स्विफ्ट डिजायर और पांच मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए। कुल मिलाकर 14.12 लाख रुपये की संपत्ति पुलिस के कब्जे में पहुंच गई।
सूत्रों की मानें तो तस्करों ने सोचा होगा कि कार का नाम “डिजायर” है, इसलिए उनकी हर इच्छा पूरी हो जाएगी। लेकिन रास्ते में राजिम पुलिस की “रियलिटी चेक पोस्ट” आ गई, जहां सारी इच्छाएं धराशायी हो गईं।

अब आरोपी जेल की सलाखों के पीछे बैठकर यह जरूर सोच रहे होंगे कि अगर इतनी मेहनत किसी वैध कारोबार में लगाई होती, तो शायद आज पुलिस प्रेस विज्ञप्ति नहीं, सफलता की कहानी लिख रही होती।
फिलहाल राजिम पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि जिले में गांजा तस्करों की “डिलीवरी सर्विस” पर नजर रखी जा रही है और उनकी हर “डिजायर” पूरी होने से पहले ही रोक दी जाएगी।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















