(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले में शनिवार को अचानक बदले मौसम ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। तेज आंधी-तूफान के चलते एक मकान की टीन छत उड़कर नेशनल हाईवे पर जा गिरी, जिससे सड़क पर घंटों तक यातायात बाधित रहा। घटना के बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक तेज हवाओं के साथ मौसम बिगड़ा और कुछ ही देर में आंधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान तेज हवा की चपेट में आने से एक मकान की टीन छत उखड़कर सीधे सड़क पर जा गिरी। वहीं पास में लगा ट्रांसफार्मर भी गिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया गया। बाद में जेसीबी और कर्मचारियों की मदद से हाईवे पर गिरे टीन और मलबे को हटाकर मार्ग को साफ कराया गया।
प्रशासन ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की गई है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















