(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। लगता है राजस्थान से आए दो तस्करों ने बॉलीवुड की क्राइम फिल्मों को कुछ ज़्यादा ही गंभीरता से ले लिया। सोचा होगा कि स्कूटी के पार्ट्स के अंदर गांजा छुपाकर निकल जाएंगे और पुलिस केवल नंबर प्लेट देखकर सलाम ठोक देगी। लेकिन गरियाबंद पुलिस ने उनकी पूरी “फिल्म” इंटरवल से पहले ही बंद कर दी।
मुखबिर की सूचना पर मैनपुर पुलिस ने जीड़ार तिराहा में चेकिंग लगाई। दो स्कूटी सवारों की गतिविधियां कुछ ऐसी थीं कि पुलिस की नजरें वहीं टिक गईं। जब स्कूटी की “सर्जरी” शुरू हुई तो ऐसा नजारा सामने आया, मानो किसी फिल्म का सीक्रेट कम्पार्टमेंट खुल गया हो। स्कूटी के अंदर से एक-दो नहीं, पूरे 8 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।

तस्करों ने सोचा था कि स्कूटी के पार्ट्स में गांजा छुपाकर पुलिस की आंखों में धूल झोंक देंगे, लेकिन गरियाबंद पुलिस ने ऐसा “स्क्रू ड्राइवर ऑपरेशन” चलाया कि उनके सारे राज बाहर आ गए।
गिरफ्तार आरोपी किशन कुमार और शिवप्रसाद सैनी, दोनों राजस्थान के कोटा जिले के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

कहते हैं फिल्मों में हीरो आखिर में जीतता है… लेकिन इस कहानी में हीरो गरियाबंद पुलिस रही और विलेन सीधे जेल की ओर रवाना हो गए।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















