(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के पाटदराह जंगल में सीआरपीएफ और एसओजी की संयुक्त कॉम्बिंग के दौरान नक्सलियों का एक कैंप ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, सर्च ऑपरेशन के दौरान 3 बंदूक, आईईडी, 84 जिंदा कारतूस सहित भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की गई। इसके अलावा नक्सली साहित्य, बैटरी, दवाइयां और दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री भी सुरक्षा बलों के हाथ लगी है।

नुआपाड़ा के एसपी अमृत पाल सिंह ने प्रेस वार्ता में कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसी आधार पर सीआरपीएफ और एसओजी की संयुक्त टीम ने जंगल में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया, जिसमें यह बड़ी सफलता हासिल हुई।
एसपी ने बताया कि बरामद सामग्री से स्पष्ट है कि नक्सली इस इलाके में लंबे समय से सक्रिय थे और कैंप का उपयोग संचालन एवं प्रशिक्षण के लिए किया जा रहा था। सुरक्षा बलों ने कैंप को ध्वस्त कर सभी सामग्री अपने कब्जे में ले ली है।

फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बलों का सघन सर्च ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास के जंगलों में अन्य नक्सलियों की तलाश की जा रही है और अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यह कार्रवाई छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर नक्सल गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षा बलों की एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















