(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार देर रात बड़ा व्यवधान सामने आया। कोदोमाली के पास मुख्य मार्ग पर एक विशाल पेड़ गिर जाने से रात करीब 12 बजे से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर ट्रक, बस, कार और अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे सैकड़ों यात्रियों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शी नीलम नागेश ने बताया कि वे स्वयं भी जाम में फंसे हुए हैं। उनके अनुसार, पेड़ गिरते ही सड़क पूरी तरह बंद हो गई और लगातार बारिश के कारण स्थिति और भी कठिन हो गई। दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लगने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारी एवं कर्मचारी स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर गिरे विशाल पेड़ को हटाने और मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने में जुट गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत कार्य में प्रशासन का सहयोग किया। समाचार लिखे जाने तक पेड़ हटाने का कार्य जारी था। अधिकारियों ने बताया कि मार्ग को जल्द ही पूरी तरह साफ कर यातायात सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















