(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। वन अधिकार अधिनियम के तहत सामुदायिक वन संसाधन (CFR) अधिकार प्राप्त ग्राम सभाओं ने वन संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में कार्ययोजना तैयार करने के लिए विभिन्न विभागों के सहयोग की मांग की है। इस संबंध में ग्राम सभा के अध्यक्षों, सचिवों, सदस्यों तथा प्रयोग समाजसेवी संस्था के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग एवं वन अधिकार शाखा के प्रभारी कमलेश्वर पटेल तथा परियोजना समन्वयक दिनेश साहू से मुलाकात कर सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की।

ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम सभाओं द्वारा वन संरक्षण, पौधारोपण, निस्तार एवं चराई व्यवस्था के लिए विभिन्न स्थलों का चिन्हांकन किया गया है। प्रस्तावित कार्ययोजना के आधार पर शासन से बजट आवंटन की मांग की जाएगी, ताकि वन संरक्षण और वन संवर्धन के कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।
ग्राम सभा प्रतिनिधियों ने बताया कि जिन क्षेत्रों में वन विरल हैं, वहां आगामी समय में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। साथ ही विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भी व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई है।
सामुदायिक वन संसाधन कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए वन विभाग, उद्यानिकी विभाग, कृषि विभाग, मत्स्य विभाग एवं मनरेगा विभाग के सहयोग से बेहतर वन प्रबंधन और आजीविका संवर्धन की दिशा में कार्य करने का प्रस्ताव रखा गया है।

इस दौरान जिला समन्वयक रेवती यादव, हिरौंधी नेताम, दयावती नागेश, डिलेश नेताम, जानकी जगत, वरिष्ठ समाजसेवी राजेंद्र सिंह राजपूत, ग्राम सभा अध्यक्ष नरेंद्र नेताम, हरदीबाई, गंगाराम, खेमराज मरकाम, प्रेम सिंह, गजेंद्र नागेश, डागेंद्र कुमार नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















