(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद/पांडुका। पांडुका थाना क्षेत्र अंतर्गत सरकड़ा-पांडुका मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गैंद विश्वकर्मा (19 वर्ष), पिता लोकेश विश्वकर्मा निवासी ग्राम रजनकटा के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक तिजेश्वर साहू (19 वर्ष), पिता हेमूराम साहू, निवासी रजनकटा बताया गया है।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक से जा रहे थे, तभी सरकड़ा के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और गैंद विश्वकर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना किस वाहन से हुई। घटनास्थल पर मिले बड़े टायरों के निशानों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि किसी कार, ट्रक या हाइवा ने बाइक को टक्कर मारी हो सकती है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पांडुका थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर चुकी है। अज्ञात वाहन की पहचान करने और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















