(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को जिला चिकित्सालय परिसर, गरियाबंद में शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद गरियाबंद के अध्यक्ष रिखी राम यादव, उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती बिंदु सिन्हा, डॉ. बी. बारा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष रिखी राम यादव एवं भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती बिंदु सिन्हा ने भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान में सहभागिता निभाई तथा लोगों को अपने बच्चों को समय पर पोलियो की दवा पिलाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पोलियो एक गंभीर एवं दिव्यांगता पैदा करने वाली बीमारी है, लेकिन समय पर पोलियो की खुराक देकर इससे पूरी तरह बचाव संभव है। भारत को वर्ष 2014 में पोलियो मुक्त घोषित किया जा चुका है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाना आवश्यक है। एक भी बच्चा यदि छूट जाता है, तो संक्रमण का खतरा बना रह सकता है।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। पहले दिन बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई, जबकि इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को भी पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके। अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचकर उसे पोलियो से सुरक्षित करना है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को बिना किसी चूक के पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं तथा इस जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















