(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। वन विभाग के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व द्वारा क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। पंडित सुन्दरलाल शर्मा एजुकेशनल अकादमी के माध्यम से आयोजित इस 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न ग्रामों के 67 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रशिक्षण का शुभारंभ ईको सेंटर कोयबा में किया गया है। इसके अलावा ग्राम कठवा, कुल्हाड़ीघाट, सांकरा एवं मान्दागिरी में भी प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत युवाओं को मोबाइल रिपेयरिंग, प्लंबिंग, बिजली तकनीशियन (इलेक्ट्रिशियन) तथा महिलाओं को ब्यूटिशियन (ब्यूटी पार्लर) से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इस प्रशिक्षण में कोयबा, नागेश, उदंती, देवझरअमली, बन्वापारा, बुड्गेलटप्पा, इन्दागांव, डूमाघाट, धुर्वागुड़ी, फरसरा, पीपलखूंटा, धनोरा और जुगाड़ सहित विभिन्न ग्रामों के प्रतिभागी शामिल हुए हैं। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा आधुनिक तकनीकों, उपकरणों के उपयोग और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी जा रही है।
वन विभाग द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान टी-शर्ट एवं आवश्यक टूल किट भी प्रदान की जा रही है। वहीं प्रत्येक प्रशिक्षण ट्रेड से 2 से 3 चयनित इच्छुक प्रतिभागियों को स्वयं का व्यवसाय या दुकान शुरू करने के लिए आवश्यक संसाधन निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व प्रबंधन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सामग्री सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे अपना व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें।
वन विभाग ने क्षेत्र के सभी युवक-युवतियों और महिलाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। विभाग का मानना है कि “संरक्षण भी – विकास भी” के मूल मंत्र के साथ संचालित यह कार्यक्रम स्थानीय समुदाय के कौशल विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















