(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले के जाड़ापदर गांव में इन दिनों खुशी और गर्व का माहौल देखने को मिल रहा है। गांव की बेटी लीना नागेश ने एसआई (सब इंस्पेक्टर) परीक्षा में सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। जैसे ही लीना के चयन की खबर गांव पहुंची, उनके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। गांव के युवा, बुजुर्ग और जनप्रतिनिधि लगातार उनके निवास पहुंचकर शुभकामनाएं दे रहे हैं।
लीना नागेश ऐसे परिवार से आती हैं, जहां सामाजिक नेतृत्व और सेवा की मजबूत परंपरा रही है। उनके पिता गौर सिंह नागेश पूर्व तेंदूपत्ता प्रबंधक रह चुके हैं, जबकि उनकी माता वर्तमान में जाड़ापदर ग्राम पंचायत की सरपंच हैं। साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर लीना ने कठिन मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है, जिससे पूरे गांव में उत्साह का वातावरण है।
बेटी की सफलता पर लीना की माता भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा,
“आज मेरी बेटी एसआई पद की परीक्षा पास कर घर पहुंची है। पूरे घर में खुशी का माहौल है और हमारा परिवार गर्व महसूस कर रहा है। गांव के युवा, बुजुर्ग और सियान हमारे घर पहुंचकर लीना को बधाई एवं शुभकामनाएं दे रहे हैं, इसके लिए मैं सभी का आभार व्यक्त करती हूं।”

गांव के वरिष्ठ नागरिक यशवंत बघेल ने कहा कि लीना की सफलता केवल जाड़ापदर गांव ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की अन्य लड़कियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी बड़े पदों तक पहुंचने का सपना देखेंगी।
वहीं क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य लोकेश्वरी नेताम भी लीना नागेश के निवास पहुंचीं और उन्हें मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और लीना नागेश ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
गौरतलब है कि जाड़ापदर गांव लंबे समय से सेना, पुलिस और सुरक्षा बलों में युवाओं के चयन को लेकर अपनी अलग पहचान बना चुका है। गांव से पहले भी कई युवा विभिन्न सेवाओं में चयनित हो चुके हैं। इनमें मिथलेश नागेश सिपाही, यमुना नागेश नगर सैनिक, प्रमोद नायक सेना, भूपेंद्र सिंह परिहार CISF, मनीष सिंह परिहार सेना, खोमलता बंजारा सिपाही, खेलीश्वर नागेश सिपाही और तुपेश्वर नागेश सिपाही के पद पर सेवाएं दे रहे हैं।
अब लीना नागेश के एसआई बनने से गांव के युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जाड़ापदर गांव अब शिक्षा, मेहनत और देशसेवा के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















