(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक बार फिर तेंदुए का आतंक देखने को मिला है। जिले के कोदोबात्तर चट्टानपारा गांव में तेंदुए ने 10 वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल बच्चे की पहचान धनेश कुमार (पिता – पुनूराम कमार) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम करीब 7 बजे धनेश पड़ोस के घर में टीवी देखकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक तेंदुए ने उस पर झपट्टा मार दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेंदुए ने बच्चे के गले को अपने जबड़े में दबोच लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर माता-पिता और आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। शुरुआत में परिवार को लगा कि कोई कुत्ता बच्चे पर हमला कर रहा है, लेकिन करीब पहुंचने पर पता चला कि वह तेंदुआ था।
परिजनों ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए से संघर्ष कर किसी तरह बच्चे को उसके चंगुल से छुड़ाया। घटना के बाद घायल बच्चे को तत्काल गरियाबंद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में तेंदुए की लगातार गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















