(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। लगातार बारिश के बीच गरियाबंद की फॉरेस्ट कॉलोनी में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक विशाल नीलगिरी का पेड़ अचानक एक मकान पर गिर गया, जिससे घर के अंदर मौजूद महिला मलबे और पेड़ के नीचे दब गई। सूचना मिलते ही गरियाबंद पुलिस की डायल 112 टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से महिला का सफल रेस्क्यू कर उसकी जान बचा ली।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना डायल 112 को मिलते ही पुलिस टीम बिना देर किए फॉरेस्ट कॉलोनी पहुंची। मौके पर पहुंचकर पुलिस जवानों और स्थानीय नागरिकों ने कड़ी मशक्कत करते हुए भारी पेड़ और मलबे को हटाया तथा उसमें फंसी महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे में महिला को चोटें आई थीं। डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को तत्काल आपातकालीन वाहन से जिला अस्पताल गरियाबंद पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य होने से एक बड़ा हादसा टल गया।

इस साहसिक रेस्क्यू अभियान में आरक्षक धनेंद्र कुमार बंजारे एवं वाहन चालक अनुराग साहू की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही। उनकी त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों ने भी प्रशंसा की।
लगातार हो रही बारिश के कारण कमजोर हो चुके पेड़ों के गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान बड़े पेड़ों के आसपास अनावश्यक रूप से न रुकने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर सूचना देने की अपील की है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















