(संवाद एक्सप्रेस)दुर्ग। जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत खपरी रोड पर मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। झोपड़ीनुमा मकान में लगी भीषण आग और गैस सिलेंडर ब्लास्ट की घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में डेढ़ साल की मासूम बच्ची भी शामिल है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक खपरी रोड स्थित एक मकान में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इसी दौरान घर में रखा घरेलू गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि पूरा मकान आग की चपेट में आ गया।
बताया जा रहा है कि आग तेजी से फैलने के कारण घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग काफी फैल चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग तथा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर ने बताया कि आग की चपेट में आने से परिवार के चार लोगों की मौत हुई है। वहीं जिला सेनानी अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग प्रभारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
फिलहाल पुलिस ने मौके से चार शव बरामद कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















