(संवाद एक्सप्रेस)धमतरी। जिले के नगरी थाना क्षेत्र में मछली व्यापारी की हत्या और लूट के सनसनीखेज मामले का नगरी पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है। आरोपियों ने मजदूरी बढ़ाने को लेकर हुए विवाद और पुरानी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी नगरी, थाना नगरी पुलिस और साइबर सेल के सहयोग से तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना तथा वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार मृतक विप्लव मंडल निजी फिश फार्म का संचालन करता था। उसके यहां कार्यरत आरोपी लंबे समय से मजदूरी बढ़ाने की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने और कथित रूप से अपमानजनक व्यवहार से नाराज होकर आरोपियों ने हत्या की साजिश रची। 25 जून को पहली बार योजना बनाई गई, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। इसके बाद 27 जून को दोबारा योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी नगरी बाजार से मछली बेचकर लौट रहे विप्लव मंडल की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। गोरेगांव-भैंसमुड़ा मार्ग स्थित सुनसान जंगल में घात लगाकर बैठे आरोपियों ने वहां पहुंचते ही लकड़ी के डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपियों ने मृतक के पास रखी नगदी और मोबाइल फोन लूट लिया तथा रकम आपस में बांट ली।
मर्ग जांच, गवाहों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर नगरी थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 309(6) और 311 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में टंकेश्वर नेताम उर्फ मयंक नेताम (19), सुरेंद्र यादव (26) और जगदीश विश्वकर्मा (50) शामिल हैं। तीनों ग्राम बोईरगांव, थाना मैनपुर, जिला गरियाबंद के निवासी हैं। मामले में संलिप्त दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी चिन्हित किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि दोनों बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















