(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले में आपातकालीन पुलिस सेवा को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मंगलवार को राजिम बस स्टैंड में आयोजित कार्यक्रम में गरियाबंद पुलिस को डायल 112 सेवा के लिए 8 नई आधुनिक चारपहिया वाहनों की सौगात दी गई। कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, पूर्व राजिम विधायक संतोष उपाध्याय, राजिम पालिका अध्यक्ष महेश यादव, कलेक्टर बी.एस. उइके, पुलिस अधीक्षक नीरज चंद्राकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल एवं एसडीओपी निशा सिन्हा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पुलिस विभाग के अनुसार, डायल 112 (Emergency Response Support System – ERSS) सेवा को अधिक प्रभावी और हाईटेक बनाने के उद्देश्य से यह वाहन गरियाबंद, पाण्डुका, राजिम, फिंगेश्वर, छुरा, मैनपुर, अमलीपदर और देवभोग थाना क्षेत्रों को उपलब्ध कराए गए हैं। इन वाहनों में जीपीएस और आधुनिक संचार उपकरण लगाए गए हैं, जिससे कंट्रोल रूम द्वारा निकटतम वाहन को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया जा सकेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि नई डायल 112 गाड़ियों के शामिल होने से जिले की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी तथा आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की प्रतिक्रिया समय में काफी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि अब शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में लोगों को मिनटों में सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना, अपराध, घरेलू हिंसा, आगजनी या किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच 112 नंबर डायल करें। गरियाबंद पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और सेवा के लिए हर समय तत्पर है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















