(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। लगता है भोपाल के कुछ युवाओं ने खेती-किसानी छोड़ सीधे “हरियाली व्यापार” में हाथ आजमाने का फैसला कर लिया था। फर्क बस इतना था कि खेत की जगह कार की डिक्की चुनी गई और खाद-बीज की जगह भर लिया गया करीब डेढ़ क्विंटल गांजा। लेकिन देवभोग पुलिस ने उनका पूरा “स्टार्टअप मॉडल” रास्ते में ही बंद कर दिया।
उड़ीसा से छत्तीसगढ़ होते हुए मध्यप्रदेश तक “माल” पहुंचाने निकले तस्करों को शायद लगा था कि रात का सफर, तेज रफ्तार कार और सुनसान रास्ता उन्हें सुरक्षित मंजिल तक पहुंचा देगा। मगर पुलिस की घेराबंदी देखकर स्विफ्ट डिजायर चालक की हालत ऐसी हुई कि फिल्मी स्टंट करते-करते कार सीधे नीम के पेड़ से जा भिड़ी। पेड़ बेचारा अब तक सोच रहा होगा कि आखिर उसकी गलती क्या थी!

पहली कार से 80 किलो गांजा निकला तो पुलिस को लगा “कहानी खत्म”। लेकिन तभी दूसरी सूचना आई और एस-क्रॉस से भी 76 किलो गांजा बरामद हो गया। यानी पूरा काफिला “हरियाली एक्सप्रेस” बनकर निकला था।
करीब 86 लाख रुपये के गांजे और दो चमचमाती गाड़ियों के साथ 5 आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। भोपाल के इन युवाओं ने शायद सोचा होगा कि “रिस्क है तो इश्क है”, लेकिन देवभोग पुलिस ने बता दिया कि “रिस्क है तो सीधा जेल है।”
अब आरोपी सलाखों के पीछे हैं और पुलिस फिर से जनता से अपील कर रही है कि अगर आसपास कोई “असामान्य हरियाली” दिखे, तो तुरंत सूचना दें। क्योंकि गरियाबंद पुलिस इन दिनों नशे के कारोबारियों की ऐसी “कटाई” कर रही है कि तस्करों की पूरी फसल चौपट हो रही है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















