(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद।देवभोग। वनपरिक्षेत्र इंदागांव अंतर्गत ग्राम करलाकोट में मंगलवार सुबह एक दुर्लभ और सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां तालाब में नहाते समय एक ग्रामीण पर नर लकड़बग्घे ने अचानक हमला कर दिया। आत्मरक्षा में ग्रामीण द्वारा किए गए प्रयास के दौरान लकड़बग्घा तालाब के पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 08:00 बजे ग्राम करलाकोट निवासी केशबो वल्द खेमानिधि नागेश (जाति – माली), उम्र 31 वर्ष तालाब में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक नर लकड़बग्घा तालाब के पास आ पहुंचा और ग्रामीण पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से ग्रामीण घायल हो गया। जान बचाने के लिए किए गए संघर्ष के दौरान ग्रामीण द्वारा लकड़बग्घे को पानी में डुबो दिया गया, जिससे वन्यप्राणी की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग देवभोग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम द्वारा मृत लकड़बग्घे को जप्त कर वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। नियमानुसार मौके का पंचनामा तैयार कर शव को फॉरेस्ट कैंपस देवभोग लाया गया।
उपवनमंडलाधिकारी की उपस्थिति में हुआ शव परीक्षण
श्रीमान उपवनमंडलाधिकारी देवभोग की उपस्थिति में पशु चिकित्सक देवभोग, अमलीपदर एवं मैनपुर की संयुक्त टीम द्वारा मृत लकड़बग्घे का विधिवत पोस्टमार्टम (शव परीक्षण) किया गया। शव परीक्षण के दौरान लकड़बग्घे के निम्न माप दर्ज किए गए—
लंबाई: 105 सेमी
गोलाई: 74 सेमी
पूंछ की लंबाई: 32 सेमी
अनुमानित उम्र: 5 वर्ष
साथ ही आवश्यक आंतरिक अंग (ऑर्गन) परीक्षण हेतु सुरक्षित रूप से निकाले गए।
विधिवत किया गया अंतिम संस्कार
शव परीक्षण उपरांत उपवनमंडलाधिकारी देवभोग, परिक्षेत्र अधिकारी, समस्त वन अमला, पशु चिकित्सा अधिकारी (देवभोग, अमलीपदर, मैनपुर) एवं पंचगणों की उपस्थिति में मृत लकड़बग्घे का नियमानुसार विधिवत दाह संस्कार किया गया।
मानव-वन्यजीव संघर्ष की फिर सामने आई तस्वीर
यह घटना क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को दर्शाती है। वन विभाग द्वारा आसपास के ग्रामीणों से सतर्क रहने, तालाब एवं जंगल से सटे क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की गई है। वहीं घायल ग्रामीण का उपचार जारी है।
वन विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहा है और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments







