(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। गरियाबंद पुलिस की पहल मिशन जन मित्र के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक वेद व्रत सिरमौर के दिशा निर्देश मार्गदर्शन में यह पहला चलाई जा रही है। जिसके अंतर्गत थाना गरियाबंद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बारूका में दिनांक 22.06.2026 को जिला पुलिस की टीम द्वारा एक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक साइबर एवं यातायात लितेश सिंह की उपस्थिति में साइबर सेल एवं यातायात शाखा की टीम ने ग्रामीणों को विभिन्न विषयों पर जागरूक किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत बारूका के सरपंच, पंचगण तथा बड़ी संख्या में ग्राम के गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विशेष रूप से नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत लोगों को नशे के दुष्परिणामों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि नशा केवल व्यक्ति के जीवन को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। इससे मानसिक अशांति, पारिवारिक कलह तथा अनेक सामाजिक समस्याएँ उत्पन्न होती हैं। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें तथा अवैध नशे के कारोबार की सूचना पुलिस को देकर उसके विरुद्ध कार्रवाई में सहभागी बनें।

ग्रामीणों की सुविधा के लिए पुलिस अधिकारियों के संपर्क नंबर भी वितरित किए गए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की सूचना अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराया जा सके।
इसके अलावा साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने तथा यातायात नियमों का पालन करने के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, अज्ञात लिंक एवं कॉल से सावधान रहने तथा सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत बारूका स्थित प्रसिद्ध प्राकृतिक पर्यटन स्थल चिंगरा पगार प्रपात का भी उल्लेख किया गया, जहाँ वर्षा ऋतु में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया गया कि वे आपसी सहयोग से पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाएँ विकसित करें, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर सृजित हो सकें।

अधिकारियों ने बताया कि इस दिशा में प्रशासन भी आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा, ताकि पर्यटन के माध्यम से क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को गति मिल सके तथा युवा सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए समाज में शांति, सुरक्षा एवं नशामुक्त वातावरण बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















