(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद/देवभोग। गरियाबंद जिले के देवभोग नगर पंचायत कार्यालय में वेतन भुगतान को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। नगर पंचायत के सीएमओ कक्ष में अकाउंटेंट और सब इंजीनियर के बीच जमकर मारपीट हो गई, जिसका सीसीटीवी वीडियो अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद कर्मचारी यूनियन में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, वेतन भुगतान में देरी को लेकर नाराज सब इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक ने अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर को सीएमओ कक्ष में बुलाया था। आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और इंजीनियर के साथ पहुंचे तीन बाहरी सहयोगियों ने अकाउंटेंट के साथ मारपीट शुरू कर दी। पूरी घटना कार्यालय के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

घटना के बाद तीनों सहयोगी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद दोनों पक्ष देवभोग थाना पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
नगर पंचायत के सीएमओ दुष्यंत कुमार ने भी थाने पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराया। उन्होंने कार्यालय परिसर में लेखपाल के साथ हुई मारपीट को अनुचित बताते हुए बाहरी लोगों की मौजूदगी पर गंभीर आपत्ति जताई है।
देवभोग पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आवश्यकतानुसार अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।

इधर घटना को लेकर कर्मचारी यूनियन में भारी नाराजगी है। यूनियन के सदस्य देवभोग थाना पहुंचकर इंजीनियर और उनके साथ आए लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गिरफ्तारी और कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी दिनों में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
वहीं नगर पंचायत प्रशासन ने भी कार्यालय में अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए ऐसे तत्वों को नगरीय प्रशासन से हटाने की बात कही है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















