(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, गरियाबंद द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु चार दिवसीय _संस्कार समर कैंप_ का आज शिव शक्ति भवन में शुभारंभ किया गया। यह शिविर 5 मई से 8 मई तक प्रतिदिन प्रातः 8 से 11 बजे तक चलेगा।
कैंप में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। उद्देश्य बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारना तथा उनमें नैतिक मूल्य, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास विकसित करना है। शिविर में योग, ध्यान, नैतिक शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, रचनात्मक गतिविधियां, खेल-कूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जीवनोपयोगी ज्ञान दिया जाएगा।

राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा बच्चों को सरल व रोचक विधि से तनावमुक्त जीवन और अनुशासित दिनचर्या के लिए प्रेरित किया जाएगा।
संस्था संचालिका ब्रह्माकुमारी बिंदु बहन ने बताया, _“संस्कार परिवर्तन धीमी लेकिन स्थायी प्रक्रिया है। इसके लिए दृढ़ निश्चय और अभ्यास आवश्यक है। ऐसे समर कैंप बच्चों के मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।”_ उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को शिविर में भेजकर अवकाश का सदुपयोग कराएं।

उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कहा, _“स्वयं में सुधार ही संस्कार है, और संस्कारों में परिवर्तन ही सच्चा चमत्कार है।”_ मास्टर ट्रेनर डॉ. ओमप्रकाश वर्मा ने कहा, _“बच्चे गीली मिट्टी के समान होते हैं, उन्हें जैसा आकार देंगे वैसे ही बनेंगे।”_
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी गीता बहन, पूजा बहन, हिमांशु बहन, गायत्री बहन, हेमा मैडम सहित वरिष्ठ पत्रकार शिव कुमार एवं राकेश कुमार देवांगन उपस्थित रहे।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















