(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर 26 जून को तालुका विधिक सेवा प्राधिकरण गरियाबंद द्वारा नालसा की डॉन योजना 2025 (NALSA- DAWN Drug Awareness and Wellness Navigation for a Drug Free India Scheme-2025) के तहत “शांति मैत्री विकास संस्थान नशा मुक्ति केंद्र, गरियाबंद” में विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम नालसा, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के निर्देशन में तालुका विधिक सेवा प्राधिकरण के माननीय अध्यक्ष एवं जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री बी.आर. साहू तथा न्यायाधीश श्रीमति गंगा पटेल के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
शिविर में नशे की लत से पीड़ित युवाओं को संबोधित करते हुए माननीय न्यायाधीशों ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करने के साथ ही पूरे परिवार को आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर कर देती है। नशे के कारण व्यक्ति समाज में अपना मान-सम्मान और प्रतिष्ठा भी खो देता है।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि मादक पदार्थों के अवैध व्यापार और तस्करी में संलिप्त लोगों का जीवन भी सुखमय नहीं होता। कानून के शिकंजे में आने के बाद उन्हें कठोर कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ता है, जिससे उनका सामाजिक सम्मान और भविष्य दोनों प्रभावित होते हैं।
शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) सहित नशा संबंधी विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई तथा सभी से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में शांति मैत्री विकास संस्थान के प्रबंधक, स्टाफ तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















