(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार बड़ी कार्रवाई कर रही है, लेकिन लगातार हो रही बरामदगी यह भी संकेत दे रही है कि गरियाबंद अब तस्करों के लिए दूसरे राज्यों तक गांजा पहुंचाने का अहम ट्रांजिट रूट बनता जा रहा है।
ताजा मामले में गरियाबंद सिटी कोतवाली पुलिस ने भिलाई मोड़ के पास दबिश देकर 33 किलो गांजा के साथ उत्तरप्रदेश के सीतापुर निवासी दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरबहादुर और साकिल सिद्दीकी के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर उत्तरप्रदेश की ओर जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 16 लाख 50 हजार रुपये कीमत का 33 किलो गांजा जब्त किया। साथ ही परिवहन में इस्तेमाल की जा रही इको वाहन, मोबाइल फोन और अन्य सामान सहित करीब 20 से 25 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है।
इधर देवभोग पुलिस ने भी आज एक अन्य कार्रवाई में 6 किलो गांजा के साथ एक आरोपी को पकड़ा है। उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले ही देवभोग पुलिस ने 1 क्विंटल 56 किलो गांजा जब्त करते हुए 5 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया था। उस कार्रवाई में करीब 78 लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद किया गया था।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि उड़ीसा से अन्य राज्यों तक गांजा पहुंचाने के लिए गरियाबंद जिले के रास्तों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















