(संवाद एक्सप्रेस) बारमते
सारधा के हायर सेकेंडरी स्कूल से लगभग 5 क्विंटल टेबल कुर्सियां कबाड़ में बेचने का दावा जांच की उठी मांग
बिलासपुर,जिले के ग्राम पंचायत सारधा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सरकारी संपत्ति को लेकर गंभीर विवाद सामने आया है विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती वी.एस. थॉमस पर आरोप है कि उन्होंने विद्यालय में रखी सरकारी टेबल-कुर्सियों सहित अन्य फर्नीचर को बिना किसी सक्षम अनुमति,बिना विद्यालय प्रबंधन समिति अथवा संबंधित अधिकारियों की जानकारी एवं सहमति के कथित रूप से तुड़वाकर कबाड़ में बेच दिया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार,कबाड़ में बेचे गए फर्नीचर का वजन लगभग 5 क्विंटल बताया जा रहा है आरोप यह भी है कि पूरी प्रक्रिया अत्यंत गोपनीय तरीके से की गई,जिससे विद्यालय के अधिकांश कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
विद्यालय की संपत्ति सार्वजनिक धन से खरीदी जाती है और उसके निस्तारण के लिए शासन के निर्धारित नियमों एवं सक्षम अधिकारियों की अनुमति आवश्यक होती है। ऐसे में यदि बिना वैधानिक प्रक्रिया के सरकारी सामग्री का निस्तारण किया गया है, तो यह गंभीर प्रशासनिक और वित्तीय अनियमितता का विषय माना जा सकता है।
इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और ग्रामीणों तथा अभिभावकों द्वारा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा यदि अनियमितता सिद्ध होती है तो जिम्मेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही हैं अब सबकी निगाहें जिला शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि वे इस पूरे मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाते हैं या नहीं।
(नोट: यह समाचार स्थानीय स्तर पर लगाए गए आरोपों के आधार पर तैयार किया गया है। संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष या जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)

















