(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। कलेक्टर श्री बीएस उइके एवं पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय नारकोटिक्स कॉर्डिनेशन (एनकॉर्ड) समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर भी उपस्थित थे। बैठक में स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी (नशीले) पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण तथा नशामुक्ति संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री उइके ने अवैध मादक पदार्थों, नशीली दवाओं और शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए आबकारी विभाग को हाईवे पर स्थित ढाबों एवं अन्य संदिग्ध स्थानों पर आकस्मिक जांच अभियान चलाने को कहा। उन्होंने अवैध रूप से शराब विक्रय करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों द्वारा कोटपा अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई की जानकारी प्रस्तुत की गई। पुलिस अधीक्षक श्री सिरमौर ने कोटपा एक्ट के अंतर्गत अधिक से अधिक प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने शिक्षण संस्थानों के आसपास 100 मीटर के दायरे में घोषित नो-टोबैको जोन में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने अवैध रूप से नशीली एवं शेड्यूल दवाओं का विक्रय करने वाले मेडिकल स्टोर्स पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले की सभी दवा दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की स्थिति की समीक्षा की तथा जिन दुकानों में सीसीटीवी नहीं लगे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। बैठक में नशामुक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए, जहां नशे के आदी लोगों की संख्या अधिक है। उन्होंने समाज कल्याण, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग को समन्वय स्थापित कर लोगों को जागरूक करने, नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने तथा जरूरतमंद व्यक्तियों को नशामुक्ति केंद्रों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी।
उन्होंने कहा कि जिले में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी तथा नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जाएगा। बैठक में कलेक्टर ने एनडीपीएस एक्ट एवं सफेमा के तहत की गई कार्रवाइयों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने बैठक में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशों पर राष्ट्रीय राजमार्ग के लंबित कार्यों पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में सड़कों पर बैठने वाले आवारा पशुओं की समस्या के निराकरण, गौधाम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा घुमंतु पशुओं से संबंधित शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1033 एवं 1100 के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।
बैठक में हेलमेट, सीट बेल्ट एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित कार्रवाई करने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने वाले पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा हिट एंड रन प्रकरणों के लंबित मामलों का त्वरित निराकरण कर उन्हें कलेक्टर न्यायालय को प्रेषित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















