(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद/देवभोग। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र अंतर्गत दीवानमुड़ा गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव की मितानिन महिला की कथित तौर पर ब्लेड से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना में महिला के पति और बेटे भी घायल हो गए हैं। वारदात के बाद पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतिका की पहचान छबीलता यादव के रूप में हुई है, जो गांव में मितानिन के रूप में कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार के साथ होटल व्यवसाय में भी सहयोग करती थीं। इसी दौरान गांव के ही आरोपी देवीसिंह ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने महिला की गर्दन पर ब्लेड से ताबड़तोड़ वार किया। हमला इतना अचानक था कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। महिला को बचाने पहुंचे उनके पति और बेटों पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वे भी घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही देवभोग पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं महिला की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने आरोपी देवीसिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच जारी है और पूछताछ के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















