(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद।गरियाबंद जिले के देवपरसुली गांव की होनहार छात्रा नेहा मरकाम ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के दम पर NEET परीक्षा उत्तीर्ण कर जिले का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव, स्कूल परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
नेहा मरकाम ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शासकीय प्राथमिक शाला देवपरसुली से प्राप्त की। प्रारंभ से ही पढ़ाई में मेधावी रही नेहा का चयन बाद में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, कोसमबुडा छुरा में हुआ। यहां उन्होंने नियमित अध्ययन और कठिन परिश्रम के बल पर अपनी प्रतिभा को निखारा और अब NEET जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर एक नई मिसाल कायम की है।

नेहा की सफलता पर उनके पिता रामेश्वर मरकाम एवं देवपरसुली के ग्रामवासियों, शिक्षकों, स्कूल परिवार और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नेहा की उपलब्धि गांव के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें भी बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

नेहा मरकाम की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि संसाधनों की कमी के बावजूद यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत ईमानदारी से की जाए और आत्मविश्वास बनाए रखा जाए, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गरियाबंद जिले का नाम रोशन हुआ है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















