(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद/छुरा। गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र में सुख नदी में बह रहे एक व्यक्ति को पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के बाद व्यक्ति की पहचान ग्राम सिवनी स्थित पूर्व माध्यमिक शाला में पदस्थ शिक्षक नंदकुमार कंवर के रूप में हुई, जिनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उनके परिजनों ने थाने में दर्ज कराई थी।
जानकारी के अनुसार, 17 अगस्त की सुबह नंदकुमार कंवर अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 23 6481 से ग्राम सिवनी स्थित स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने स्कूल स्टाफ, रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

इसके बाद 18 अगस्त को उनकी पत्नी ने थाना छुरा पहुंचकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने गुम इंसान दर्ज कर मामले की पतासाजी शुरू की।
तलाश के दौरान ग्रामीणों से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सुख नदी में बहते हुए नदी के किनारे पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना छुरा की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल और पुलिस स्टाफ ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर नदी में बह रहे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला।

बाहर निकालने के बाद उसकी पहचान गुमशुदा शिक्षक नंदकुमार कंवर के रूप में हुई। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इस रेस्क्यू कार्रवाई में थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल, प्रधान आरक्षक जयप्रकाश मिश्रा, अमित जांगड़े, रूपेंद्र जैन सहित ग्रामीणों की विशेष भूमिका रही। पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से गुमशुदा शिक्षक की जान बच सकी।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











