(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले के नगर पंचायत कोपरा में रविवार को एक हृदयविदारक हादसे में दो मासूम भाई-बहन की पानी से भरे घुरवा (कचरा फेंकने के गड्ढे) में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत कोपरा के तर्रा रोड निवासी बिसेलाल साहू के पोते योगेश साहू और पोती सुमन साहू बारिश थमने के बाद घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान घर से लगे घुरवा गड्ढे के पास पहुंच गए। लगातार बारिश के कारण गड्ढे में करीब 10 से 12 फीट तक पानी भरा हुआ था। आशंका है कि दोनों बच्चों का पैर फिसलने से वे गहरे पानी में गिर गए और बाहर नहीं निकल सके।

काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों को घुरवा गड्ढे में पाया गया। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला डूबने से मौत का माना जा रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में मौजूद खुले और गहरे घुरवा गड्ढों की घेराबंदी, चेतावनी बोर्ड लगाने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की भी मांग उठाई गई है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















