(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले के बारुका सर्कल अंतर्गत ग्राम श्यामनगर हरदी कासरबाय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गए दो ग्रामीणों पर भालुओं के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में दोनों ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार संतु राम साहू और सुरेश साहू शुक्रवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच श्यामनगर जंगल के कक्ष क्रमांक 523 में तेंदूपत्ता तोड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक 6 भालुओं ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से दोनों संभल नहीं पाए और बुरी तरह घायल हो गए।
हमले के बाद दोनों ग्रामीणों ने किसी तरह अपनी जान बचाई और परिजनों को मोबाइल फोन से सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल गांव लाकर गरियाबंद जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
डॉक्टरों के मुताबिक दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी जिला अस्पताल पहुंची और घायलों के उपचार की व्यवस्था में जुट गई है। वहीं, जंगल क्षेत्र में भालुओं की बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
अपील:
वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल जाते समय सतर्क रहने और समूह में जाने की अपील की है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















