(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। लगता है कुछ लोगों ने स्कूटी को अब सिर्फ पेट्रोल से नहीं, बल्कि “नशे के कारोबार” से भी चलाने का जरिया बना लिया है। लेकिन गरियाबंद पुलिस की चौकसी के आगे यह जुगाड़ ज्यादा दूर नहीं चल सका। थाना गरियाबंद और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो युवकों को 2 किलो से अधिक अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर ने सूचना दी थी कि दो व्यक्ति अलग-अलग टीवीएस स्कूटी में अवैध गांजा लेकर ग्राम कोकड़ी रोड से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने कोकड़ी चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी सवारों को रोका। पूछताछ और तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 2.090 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान अली उर्फ दादू (31 वर्ष) और रवि शास्त्री उर्फ सागर (20 वर्ष), दोनों निवासी वार्ड क्रमांक 15, गरियाबंद के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 4 हजार 500 रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
कहते हैं कि मंजिल तक पहुंचने के लिए सही रास्ता चुनना जरूरी होता है, लेकिन इन युवकों ने ऐसा रास्ता चुना, जिसकी मंजिल सीधे अदालत और जेल तक जा पहुंची। फिलहाल गरियाबंद पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















