(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले के ग्राम पंचायत कस में पिछले छह वर्षों से लंबित बंदोबस्त त्रुटि सुधार की मांग अब शासन स्तर तक पहुंच गई है। राजस्व अभिलेखों में त्रुटियों से परेशान ग्रामीणों ने छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा से मुलाकात कर समस्या के निराकरण की मांग की।
ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि गांव में भूमि बंदोबस्त से जुड़ी गंभीर त्रुटियों के कारण किसानों और भूमिधारकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तहसीलदार कार्यालय से लेकर कलेक्टर जनदर्शन तक कई बार आवेदन देने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। राजस्व अभिलेखों में सुधार नहीं होने से ग्रामीणों को शासकीय दफ्तरों के लगातार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल्द ही राजस्व विभाग की टीम गठित कर बंदोबस्त त्रुटियों की जांच कराई जाएगी और आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएंगे।
मंत्री से मुलाकात के बाद ग्रामीणों ने समस्या के समाधान की उम्मीद जताते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
इस दौरान ग्राम कस भूमि सुधार समिति के सदस्य बलराम निषाद, सियाराम पटेल, संतोष ध्रुव, राम भरोसा, कन्हैया निषाद, सुरेंद्र यादव, रमेश कुमार निषाद एवं सरपंच प्रतिनिधि रविंद्र कुमार ध्रुव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















