(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। स्कूल भवन की वर्षों से लंबित मांग पूरी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह करीब 7 बजे रूवाड हाई स्कूल में तालाबंदी कर दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए और भवन निर्माण की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से हाई स्कूल भवन निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। उनका आरोप है कि भवन की कमी के कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई में लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग ने समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए।
तालाबंदी और धरने की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। ब्लॉक के तहसीलदार एवं बीईओ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखने का प्रयास किया।

फिलहाल स्कूल परिसर के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीण डटे हुए हैं और हाई स्कूल भवन निर्माण की मांग को लेकर उनका धरना प्रदर्शन जारी है। प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बातचीत का दौर जारी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई अंतिम समाधान सामने नहीं आया था।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















