(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। नगर में लगने वाले साप्ताहिक शुक्रवार बाजार के दौरान एक बार फिर सड़क दुर्घटना की घटना सामने आई है। बाजार के दिन मुख्य मार्ग पर अत्यधिक भीड़ और अव्यवस्थित यातायात के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 4 बजे भुजियामुड़ा निवासी एक युवक और एक कर्मचारी महिला की मोटरसाइकिल आपस में टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाजार लगने के कारण मुख्य मार्ग पर भारी भीड़ थी। हाईवे से जुड़े इस मार्ग पर बड़े वाहनों, मोटरसाइकिलों, साइकिल सवारों और पैदल चलने वालों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। सड़क संकरी होने और दोनों ओर अवैध रूप से खड़े वाहनों के कारण दोनों मोटरसाइकिलें अचानक आमने-सामने आ गईं और जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे में महिला के कमर में गंभीर चोट आई है, जबकि युवक के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को संभाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शुक्रवार बाजार के दिन नगर का मुख्य मार्ग जाम जैसी स्थिति में रहता है। बाजार सड़क किनारे लगने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और ग्रामीणों पर पड़ता है।
लोगों ने बताया कि बाजार स्थल को किसी खुले और सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग कई बार प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। व्यापारियों और नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















