(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले के थाना शोभा क्षेत्र अंतर्गत चरित्र संदेह को लेकर हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले में गरियाबंद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतिका को गांव में बदनाम करने के आरोपों को लेकर दोनों आरोपी महिलाओं ने एक राय होकर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले का संक्षिप्त विवरण
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 02 फरवरी 2025 को थाना शोभा में मर्ग क्रमांक 01/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान मृतिका के परिजनों एवं ग्रामीणों के कथन दर्ज किए गए।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतिका सुमित्रा बाई, जो कि उड़ीसा के चित्रकोटी की रहने वाली थी, अपने पति दलसु नेताम के साथ ग्राम गरीबा आई हुई थी। दोनों लारी में झोपड़ी बनाकर निवास कर रहे थे। इसी दौरान मृतिका का गांव की दो महिलाओं — सुगंतिन नेताम एवं इतवारीन बाई से विवाद चल रहा था।
चरित्र संदेह बना हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि मृतिका सुमित्रा बाई द्वारा आरोपी महिलाओं के चरित्र को लेकर कथित तौर पर गांव-गांव में गाली-गलौच व बदनाम किया जा रहा था। इससे नाराज होकर दोनों आरोपी महिलाओं ने एक राय होकर मृतिका को सबक सिखाने की ठानी।
घटना वाले दिन दोनों आरोपी महिलाओं ने मृतिका की झोपड़ी (लारी) में जाकर उसे घसीटते हुए बाहर निकाला और हाथ-मुक्का, लात-घूंसे से बेरहमी से मारपीट की। इस मारपीट के दौरान मृतिका के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
हत्या का अपराध पंजीबद्ध
मामले की जांच में प्रथम दृष्टया धारा 103(1) एवं 3(5) बीएनएस के तहत हत्या का अपराध घटित पाया गया। इसके बाद थाना शोभा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
आरोपी महिलाएं गिरफ्तार
पुलिस द्वारा आरोपी महिलाओं को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जहां दोनों ने चरित्र संदेह के चलते मारपीट कर हत्या करना स्वीकार किया। इसके पश्चात समक्ष गवाहों की उपस्थिति में विधिवत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
इतवारीन बाई, पति सुकु राम नेताम, उम्र 46 वर्ष
सुगंतिन नेताम, पति सरजु राम नेताम, उम्र 36 वर्ष
(निवासी – ग्राम गरीबा, थाना शोभा, जिला गरियाबंद, छत्तीसगढ़)
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में साक्ष्य मजबूत हैं और विवेचना पूरी गंभीरता से की जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के लिए गरियाबंद पुलिस प्रतिबद्ध है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments







