रायगढ़। जन्माष्टमी पर्व पर शहरवासियों के मनोरंजन के लिए लगाए गए मीना बाजार में रविवार शाम बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मेले में लगाए गए नए किस्म के झूले की मोटर अचानक खराब हो गई, जिसके चलते झूले में बैठे दर्जनों लोग करीब दो घंटे तक हवा में लटके रहे।
इस दौरान लोग धूप और बारिश दोनों झेलते रहे और घबराहट में सहमे रहे। बच्चों और महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई, वहीं परिजन झूले के नीचे खड़े होकर रोते-बिलखते रहे। करीब दो घंटे बाद क्रेन मंगवाकर फंसे लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि झूले की मशीन टूट जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद मीना बाजार प्रबंधन की लापरवाही उजागर हुई। मौके पर न तो कोई वैकल्पिक सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी और न ही तकनीकी जांच के बाद झूले को चलाया गया था।
लोगों ने प्रशासन से मीना बाजार संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस घटना के बाद शहरवासियों में झूलों को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















