(संवाद एक्सप्रेस) बारमते
गौ वंशीय पशुओं के संरक्षण एवं संवर्धन पर दिया गया जोर
मुंगेली, प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से राज्य के 28 नवनिर्मित गौधामों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड के ग्राम बघर्रा में गौधाम लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया कार्यक्रम का शुभारंभ गौ पूजन एवं गौ आरती के साथ किया गया कार्यक्रम में गौधाम के माध्यम से गोवंश के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए धर्मेश साहू ने गौ माता के संरक्षण एवं संवर्धन की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए समाज में गोवंश के प्रति सम्मान और सेवा भाव बढ़ाने की बात कही।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने गौ माता एवं उनसे प्राप्त होने वाले उत्पादों की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी तथा लोगों से गोवंश के प्रति सम्मान और सेवा भाव रखने का आवाहन किया वन मंडल अधिकारी अभिनव कुमार ने वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन की प्रक्रिया एवं उसकी उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए गौधामों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय ने कहा कि गौधाम योजना के माध्यम से निराश्रित गोवंश के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा उन्होंने गौ सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने तथा गौधामों को सशक्त बनाने के लिए प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग देने की बात कही और कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मुंगेली जिले की चयनित गौधाम समिति के सदस्य, उपसंचालक पशु चिकित्सा डॉ. आर. एम. त्रिपाठी,डॉ.प्रमोद नामदेव, डॉ पांडेय,जिला एवं ब्लॉक स्तरीय गौधामों के अध्यक्ष एवं सदस्य, संबंधित अधिकारी कर्मचारी,जिले के समस्त कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता, ग्रामीण पशुपालक, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

















