(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पशुधन विकास विभाग द्वारा चयनित पशुपालक किसानों को काफ ग्रोवर का वितरण किया गया।राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू के मुख्य आतिथ्य में छत्तीसगढ़ शासन के पशुधन विकास विभाग द्वारा संचालित उन्नत मादा गौ वत्स पालन योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम चरण का शुभारंभ हुआ। जिला पशु चिकित्सालय गरियाबंद में कार्यक्रम के दौरान विधायक द्वारा क्षेत्र के पात्र पशुपालकों को अनुदान पर विशेष पशु आहार काफ ग्रोवर का वितरण किया गया। योजना के प्रथम चरण के तहत विकासखंड गरियाबंद के ग्राम झीथरीडूमर निवासी किसान महेन्द्र कुमार ध्रुव और ग्राम पारागांव की मीना बाई कोरी को 3 क्विंटल काफ ग्रोवर प्रदान किया गया। यह योजना मुख्य रूप से उन बछड़ियों के लिए संचालित की जा रही है, जिनका जन्म शासकीय कृत्रिम गर्भाधान तकनीक के माध्यम से हुआ है।

पशुधन विकास विभाग के अनुसार, योजना के तहत बछड़ियों के पोषण के लिए वर्गवार अनुदान का प्रावधान है जिसमें अनुसूचित जनजाति वर्ग के किसानों को अधिकतम 18,000 रुपए तक के अनुदान का प्रावधान है तथा अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग व सामान्य वर्ग के पशुपालक किसानों को अधिकतम 15,000 रुपए तक का अनुदान दिया जाता है।
विदित हो कि काफ ग्रोवर एक विशेष प्रकार का संतुलित पौष्टिक पशु आहार है, जिसे 3 महीने से 6 महीने तक के बछड़ियों के लिए तैयार किया जाता है। इसमें प्रोटीन, ऊर्जा, विटामिन और मिनरल्स की प्रचुर मात्रा होती है।यह बछड़ों की हड्डियों, मांसपेशियों और रूमेन को मजबूती देता है।इस आहार से नवजात मादा वत्स का तेजी से स्वस्थ विकास होता है, जिससे वे आगे चलकर उच्च क्षमता वाली दुधारू गाय बनती हैं।
इस दौरान मुख्य अतिथि विधायक रोहित साहू ने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा संकल्प अभियान का मूल मंत्र देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। मोदी जी की सोच सदैव हमारे ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हमारे किसानों और पशुपालकों को सशक्त बनाने की रही है। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार पशुधन के संरक्षण और नस्ल सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्नत मादा गौ वत्स पालन योजना केवल बछड़ियों के पालन-पोषण के साथ ही हमारे पशुपालक भाइयों-बहनों की आने वाली पीढ़ी को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने का संकल्प है। जब हमारी बछड़ियों को सही उम्र में सही पोषण मिलेगा, तो वे स्वस्थ बनेंगी और भविष्य में दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होगी, जिससे किसानों की आय दोगुनी होगी। मैं पशुपालक भाइयों से अपील करता हूँ कि शासन की कृत्रिम गर्भाधान तकनीक और इस अनुदान योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। हमारी सरकार हर कदम पर आपके साथ खड़ी है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, नगरपालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुमित पारख, भाजपा जिलामंत्री सुरेन्द्र सोनटेके, भाजपा नेता सागर मयानी,पार्षद सूरज सिन्हा, पेंशनर समाज के जिलाध्यक्ष नंदकुमार वर्मा , डॉ तामेश कंवर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पशुधन विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण व पशुपालक उपस्थित रहे।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











