(संवाद एक्सप्रेस) नीलकंठ धिरहे
झोलाछाप डॉक्टरों पर सीएमएचओ का प्रहार
सक्ती,कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला सक्ती द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक एवं बिना पंजीयन मरीजों का उपचार करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी है यह कार्रवाई जिला प्रशासन के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.पूजा अग्रवाल के निर्देश पर की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा तहसील स्तर पर औचक निरीक्षण कर विभिन्न क्षेत्रों में जांच की गई इस दौरान जैजैपुर विकासखंड के अंतर्गत लगभग 15-20 किमी दूर स्थित एक ग्राम में बिना मान्यता प्राप्त चिकित्सक द्वारा मरीजों का उपचार किए जाने का मामला सामने आया। टीम ने मौके पर संबंधित व्यक्ति को इलाज करते हुए पाया जिसके बाद तत्काल क्लीनिक बंद कराया गया तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।
जांच के दौरान यह भी पाया गया कि संबंधित व्यक्ति बिना किसी वैध डिग्री एवं पंजीयन के लंबे समय से चिकित्सकीय कार्य कर रहा था जिससे मरीजों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हो रहा था विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित चिकित्सा गतिविधियों को तत्काल बंद कराया सीएमएचओ डॉ.पूजा अग्रवाल ने कड़े निर्देश देते हुए कहा है कि जिले में बिना वैध डिग्री एवं पंजीयन के किसी भी प्रकार का चिकित्सा कार्य करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को अपने अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखते हुए इस प्रकार की गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे उपचार के लिए केवल पंजीकृत एवं अधिकृत चिकित्सकों से ही संपर्क करें किसी भी प्रकार के अवैध क्लीनिक या अप्रमाणित चिकित्सकीय गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

















