(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिला पंचायत के सभाकक्ष में आज महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद श्रीमती चौधरी ने केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं का क्रियान्वयन समय-सीमा एवं जनहित के अनुरूप करने के निर्देश दिए। बैठक में राजिम विधायक श्री रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री रिखीराम यादव, कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर, वनमण्लाधिकारी श्री मयंक पाण्डेय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चन्द्राकर सहित जिले के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

सांसद श्रीमती चौधरी ने समीक्षा करते हुए कहा कि जिले के सभी बच्चों को समय पर गणवेश एवं किताबें वितरण की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिले के सभी स्कूलों में गणवेश एवं किताबे उपलब्ध कराई जा चुकी है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए बारिश के उपरांत प्रत्येक पंचायतों में बारिश के उपरांत मजदूरीमूलक कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी जनपद पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव प्राप्त किए जाएं। वीबीजी-राम-जी योजना के अंतर्गत ग्रामीणों को 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में विकास कार्य स्वीकृत किए जाते हैं, उसकी जानकारी संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराई जाए। श्रीमती चौधरी ने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा।

सांसद ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। सांसद श्रीमती चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में सहभागिता होना आवश्यक है।
अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति की जानकारी दी। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, आवास, पेयजल, खनिज, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक सहायता, विद्युत, डिजिटल सेवाओं, रोजगार, सड़क, खेल, मत्स्य एवं खाद्य सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तार पूर्वक समीक्षा की गई।

राजिम विधायक श्री रोहित साहू ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ नागरिकों तक पहुंचाना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। विकास कार्यों का लाभ शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरस्थ ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों तक भी पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों एवं निर्माणाधीन सड़कों का नियमित अवलोकन कर गुणवत्ता पर ध्यान देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं का निरीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की बात कही।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











