(संवाद एक्सप्रेस)मैनपुर (गरियाबंद)। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। संभावित जनहानि को रोकने के लिए राजस्व विभाग की टीमें लगातार गांव-गांव पहुंचकर कच्चे और जर्जर मकानों का निरीक्षण कर रही हैं। मैनपुर तहसीलदार सुशील कुमार भोई स्वयं राजस्व अमले के साथ संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा ले रहे हैं तथा जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था कर रहे हैं।
इसी क्रम में मैनपुर विकासखंड की इंदागांव ग्राम पंचायत के मेटपारा में मंगलवार देर रात तेज बारिश के कारण एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार सुशील कुमार भोई राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया।

घायलों का हाल जाना, उपचार की ली जानकारी
तहसीलदार ने गंभीर रूप से घायल रमेश नागेश सहित अन्य घायलों के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को शासन के नियमानुसार मिलने वाली राहत राशि और क्षतिपूर्ति की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए।
हरसंभव सहायता का दिलाया भरोसा
सुशील कुमार भोई ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि प्रशासन उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। राहत सामग्री, आवश्यक सहायता तथा अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और किसी भी प्रकार की मदद में कमी नहीं आने दी जाएगी।

संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी
लगातार बारिश को देखते हुए राजस्व विभाग की टीमें कच्चे और जर्जर मकानों की पहचान कर रही हैं। जहां खतरा अधिक है, वहां परिवारों को पंचायत भवन और सामुदायिक भवनों में सुरक्षित स्थानांतरित किया जा रहा है। जलभराव वाले क्षेत्रों में जेसीबी के माध्यम से पानी निकासी की व्यवस्था भी कराई जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जर्जर मकानों में रहने से बचें और खतरा महसूस होने पर तत्काल प्रशासन या राजस्व अमले को सूचना दें। साथ ही नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले रास्तों से दूर रहने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के बीच राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राजस्व विभाग की टीमें 24 घंटे निगरानी और सहायता के लिए तैयार हैं।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















