(संवाद एक्सप्रेस)देवभोग। रथयात्रा पर्व के दौरान लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच देवभोग विकासखंड के उरमाल बाजार में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए लोग बाजार स्थित ईंट-खपरे से बने एक पुराने होटल में शरण लिए हुए थे। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण कमजोर हो चुका भवन अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय होटल के अंदर और आसपास 9 से अधिक लोग मौजूद थे। भवन गिरते ही कई लोग मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उरमाल पहुंचाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उरमाल के डॉक्टर पांडे ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की रीढ़ की हड्डी में चोट आई है, जिसे आगे जांच एवं एक्स-रे के लिए भेजा गया है। वहीं अन्य सभी घायलों को सामान्य चोटें आई थीं, जिनका प्राथमिक उपचार करने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।


घायलों में रोहित सिन्हा (28 वर्ष, ग्राम धोरकोट), प्रीतिवास (उरमाल), तिलेश्वर सोनवानी (बेहरामुड़ा), होरेंद्र सिंह मरकाम, उड़ीसा के बेहरामुड़ा निवासी एक व्यक्ति, दो वर्षीय एक बच्ची, चार वर्षीय एक बच्ची सहित अन्य लोग शामिल हैं।
घटना के बाद कुछ समय तक उरमाल बाजार में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण पुराने और जर्जर भवनों से खतरा बढ़ गया है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे भवनों का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















