(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की एंटी पोचिंग टीम ने वन्यजीव शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम अमाड़ (उदंती कोर क्षेत्र) से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के घरों से चीतल का मांस, खून से सने तीर, खरगोश के फंदे, मयूर और बाज के पंख सहित शिकार में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की गई है।
माननीय वन मंत्री श्री केदार कश्यप तथा उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के निदेशक श्री गुरुनाथन एन. के मार्गदर्शन में गठित एंटी पोचिंग टीम को 21 जून को गोपनीय सूचना मिली थी कि ग्राम अमाड़ में वन्यप्राणी का शिकार किया गया है। सूचना के आधार पर एंटी पोचिंग टीम, डॉग स्क्वाड एवं वन परिक्षेत्र उत्तर उदंती (मैनपुर) के संयुक्त दल ने कार्रवाई करते हुए नरेश कुमार भुजिया और बालाराम सोरी के घरों की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान टिफिन में रखी चीतल मांस की सब्जी, चार खून से सने तीर, पांच खरगोश फंदे, सात मयूर पंख, चार बाज पंख, दो धनुष, दो धनुष गुलेल समेत अन्य शिकार सामग्री बरामद की गई। इसके बाद दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए वन परिक्षेत्र कार्यालय मैनपुर लाया गया।
पूछताछ में आरोपी नरेश कुमार ने 17 जून को तारीपानी घाट क्षेत्र में तीर-धनुष से चीतल का शिकार करना स्वीकार किया। 22 जून को उसे शिकार स्थल की शिनाख्त के लिए मौके पर ले जाया गया। मामले में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और जिला एवं अपर सत्र न्यायालय गरियाबंद में पेश किया गया।
जब्त किए गए चीतल मांस के नमूनों को सुरक्षित रखकर फॉरेंसिक जांच हेतु स्कूल ऑफ वाइल्डलाइफ फॉरेंसिक एंड हेल्थ, जबलपुर भेजा गया है।

इस पूरी कार्रवाई में एंटी पोचिंग टीम के नोडल अधिकारी श्री गोपाल कश्यप, परिक्षेत्र अधिकारी सुश्री ज्योति ध्रुव, परिक्षेत्र सहायक पुनाराम साहू सहित वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और डॉग स्क्वाड “टीना” की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
व्यंग्य की बात यह है कि जंगल के बेजुबान वन्यजीवों को आसान शिकार समझने वाले शिकारी शायद यह भूल गए थे कि अब जंगल में सिर्फ जानवर ही नहीं, उन पर नजर रखने वाली प्रशिक्षित टीम और ‘टीना’ जैसी सतर्क डॉग स्क्वाड भी मौजूद है। नतीजा यह हुआ कि शिकार की दावत सीधे जेल की सलाखों तक पहुंच गई।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















