(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद।छत्तीसगढ़ में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बांटी जा रही साड़ियों के आकार में कटौती को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।जिला कांग्रेस कमेटी गरियाबंद के अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने इसे मातृशक्ति का अपमान बताते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। बेसरा ने जारी बयान में कहा कि प्रदेश की विष्णु देव साय सरकार एक तरफ महिला सशक्तिकरण का ढोल पीट रही है, वहीं दूसरी ओर विभाग के माध्यम से ऐसी साड़ियां बांटी जा रही हैं जो पहनने योग्य ही नहीं हैं।मानक आकार से काफी छोटी इन साड़ियों ने सरकार के भ्रष्टाचार और संवेदनहीनता की पोल खोल दी है।
सुखचंद बेसरा ने कहा कि साड़ियों के कपड़े और लंबाई में कटौती करना सीधे तौर पर करोड़ों रुपये के घोटाले का संकेत है। आखिर किसके इशारे पर टेंडर की शर्तों का उल्लंघन कर छोटी साइज की साड़ियां खरीदी गईं? इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि बस्तर की मेहनती महिलाएं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दिन-रात शासन की योजनाओं को जमीन पर उतारती हैं। उन्हें ऐसी साड़ियां देना जो तन ढकने के लिए भी पर्याप्त न हों उनके स्वाभिमान के साथ खिलवाड़ है।
यह भाजपा की महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि विभाग में ऊपर से नीचे तक कमीशनखोरी का खेल चल रहा है। घटिया गुणवत्ता और कम लंबाई का सामान सप्लाई कर चहेते ठेकेदारों को लाभ पहुंचाया जा रहा है,जबकि जनता के टैक्स का पैसा बर्बाद हो रहा है। जिला कांग अध्यक्ष बेसरा ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तत्काल प्रभाव से विभाग इन साड़ियों को वापस लेकर मानक साइज की उच्च गुणवत्ता वाली साड़ियां वितरित नहीं करता, तो जिला कांग्रेस कमेटी उग्र आंदोलन करेगी और विभाग का घेराव करेगी।उन्होंने अंत में कहा कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का फर्क है। जो सरकार महिलाओं को सम्मानजनक वस्त्र तक उपलब्ध नहीं करा सकती उसे सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। हम इस साड़ी घोटाले की जांच होने तक चुप नहीं बैठेंगे।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















